सोनपुर। पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल में आज दिनांक 16 जून 2025 को एक व्यापक मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री विवेक भूषण सूद के दिशा-निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री रौशन कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष अभियान में मंडल भर के प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में एक साथ समन्वित कार्रवाई की गई।
इस अभियान के अंतर्गत आज शाम 6:00 बजे तक कुल 4970 यात्रियों से ₹32,62,450/- (बत्तीस लाख बासठ हजार चार सौ पचास रुपये) का रेलवे राजस्व अर्जित किया गया। टिकट जाँच दल द्वारा बिना टिकट, गलत श्रेणी, अनियमित यात्रा तथा मासिक पास के दुरुपयोग जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की गई।
यह मेगा चेकिंग ड्राइव आज रात्रि 12:00 बजे तक जारी रहेगा। प्रबंधन द्वारा यह संभावना व्यक्त की गई है कि यह अभियान पिछले मेगा टिकट चेकिंग रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए और अधिक रेल राजस्व की प्राप्ति कर सकता है।
इस संयुक्त चेकिंग में सोनपुर मंडल के अनुभवी टिकट निरीक्षकों, वाणिज्य निरीक्षकों तथा आरपीएफ की टीमों ने प्रभावी समन्वय के साथ कार्य किया। यात्रियों को नियमित टिकट लेकर यात्रा करने हेतु जागरूक भी किया गया।
रेल प्रशासन आमजन से अपील करता है कि वे बिना टिकट यात्रा से बचें एवं रेलवे नियमों का पालन करें, जिससे यात्रा सुखद एवं सुरक्षित बनी रहे।




