राजगीर-ऋषिकेश ट्रेन को नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

राजगीर-ऋषिकेश ट्रेन को नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

पटना। राजगीर से ऋषिकेश और माता वैष्णो (कटरा) के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू हो गई है। यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी — शुक्रवार को राजगीर से ऋषिकेश और सोमवार को कटरा के लिए रवाना होगी।

नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार के अनुरोध पर यह सेवा शुरू की गई है। राजगीर-ऋषिकेश (03223/24) ट्रेन को राजगीर स्टेशन से सांसद कौशलेंद्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर सुबह 9:20 बजे रवाना किया।

यह ट्रेन पटना, दानापुर, आरा, डीडीयू, वाराणसी, लखनऊ, लक्सर, हरिद्वार होते हुए अगले दिन सुबह 8:30 बजे ऋषिकेश पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन ऋषिकेश से शाम 6 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 7:47 बजे राजगीर पहुंचेगी।

राजगीर-कटरा (03221/22) ट्रेन सेवा 14 अप्रैल 2025 से प्रारंभ होगी। यह ट्रेन राजगीर से दोपहर 2 बजे प्रस्थान करेगी, पटना 4:20 बजे, दानापुर 4:43 बजे, डीडीयू रात 8 बजे पहुँचेगी और अयोध्या, लक्सर, पठानकोट, जम्मू तवी होते हुए अगले दिन कटरा पहुंचेगी।

मिली जानकारी के अनुसार जम्मू से कटरा और हरिद्वार से ऋषिकेश के बीच रेलवे के कुछ मेंटेनेंस कार्यों के कारण फिलहाल राजगीर से ऋषिकेश जाने वाली ट्रेन हरिद्वार तक और राजगीर से कटरा जाने वाली ट्रेन कैप्टन तुषार महाजन (एमएसटीएम) तक ही जाएगी। रेलवे मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद ये ट्रेनें अपने निर्धारित गंतव्य तक जाएंगी।

दानापुर रेल मंडल के एडीआरएम (परिचालन) आधार राज ने बताया कि राजगीर-कटरा ट्रेन में अभी भी एसी और स्लीपर कोच में बर्थ खाली हैं।

Leave a Comment

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *