नेउरा-दनियावां-बरबीघा रेल लाइन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे: विवेक ठाकुर

नेउरा-दनियावां-बरबीघा रेल लाइन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे: विवेक ठाकुर

इस रेल लाइन का निर्माण कार्य जुलाई तक पूरा हो जाएगा।

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में आज बिहार में रेलवे से जुड़ी अनेक योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। “बढ़ता बिहार, बदलता बिहार” अब सिर्फ एक सपना नहीं, बल्कि साकार होती हुई परिकल्पना है।
इन योजनाओं के माध्यम से न केवल यात्री सुविधाएं बेहतर हो रही हैं, बल्कि रोजगार, कनेक्टिविटी और विकास के नए रास्ते भी खुल रहे हैं। ये बातें नवादा के लोकसभा सांसद विवेक ठाकुर ने दानापुर रेल मंडल कार्यालय में डीआरएम जयंत चौधरी और एडीआरएम (परिचालन) की उपस्थिति में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहीं।

उन्होंने कहा कि बिहार आज सभी क्षेत्रों में विकास यात्रा के लिए छलांग लगा रहा है। पहले लोग मुगलसराय-गया रेलखंड को ग्रैंड कोर्ड के रूप में जानते थे, अब किऊल-गया रेलखंड में 124 किलोमीटर रेल लाइन के दोहरीकरण और विद्युतीकरण का काम पूरा हो चुका है। इस खंड के ग्रैंड कोर्ड के रूप में विकसित होने से इस पर कई लंबी दूरी की हाई-स्पीड ट्रेनों का परिचालन तेज़ी से होगा, जिससे समय की भी काफी बचत होगी। 10 अप्रैल 2025 से किऊल-गया रेल लाइन पर चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों के समय में बड़े स्तर पर सुधार किया गया है।

12 ट्रेनों की गति में लगभग 95 मिनट की तेजी लाई गई है। साथ ही, 9 अन्य ट्रेनों की गति में लगभग 75 मिनट की तेजी लाने पर कार्य प्रगति पर है। यह बदलाव यात्रियों को और भी बेहतर व तेज़ सेवा प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है, जो डबल इंजन की सरकार में सभी क्षेत्रों में विकास का मॉडल प्रस्तुत करता है।

उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों से लंबित परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य हो रहा है। अब प्रधानमंत्री की घोषणा के अनुरूप किसी भी परियोजना के शिलान्यास के साथ उसका शुभारंभ भी निर्धारित समय पर हो रहा है। बरबीघा रेल परियोजना के लिए 10 साल पहले 119 करोड़ रुपये मुआवजा के रूप में ज़मीन मालिकों को दिए गए थे।

उन्होंने बताया कि नेउरा-दनियावां-बरबीघा रेल लाइन का निर्माण कार्य जुलाई तक पूरा हो जाएगा और इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं। इतना ही नहीं, “अमृत भारत स्टेशन योजना” के तहत नवादा स्टेशन को विश्वस्तरीय लुक दिया जाएगा। स्टेशन पर विकास कार्य तेज़ी से चल रहा है। यहां द्वितीय प्रवेश द्वार का कार्य मई माह में शुरू होने जा रहा है, साथ ही प्रस्तावित बुकिंग विंडो का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होगा। दोनों ओर से एंट्री और एग्जिट की सुविधा मिलने से भीड़-भाड़ से राहत मिलेगी।

यात्रियों के लिए बेहतर प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, आधुनिक बैठने की व्यवस्था, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों व महिलाओं के लिए विशेष सुविधाएं, सुगम टिकट बुकिंग और डिजिटल सुविधाएं मिलने से विशेष रूप से नवादा क्षेत्र की छवि और यात्रियों के अनुभव दोनों में सुधार होगा।

उन्होंने कहा कि सिनेमा में जो अद्भुत दृश्य पहले दिखते थे, अब वे सब बिहार में – जैसे रेल ओवर रेल ब्रिज कोडरमा में – देखे जा सकते हैं। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर दानापुर रेल मंडल के सभी शाखाओं के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *