पूर्व मध्य रेल में हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया गणतंत्र दिवस, छत्रसाल सिंह ने झंडोत्तोलन किया

पूर्व मध्य रेल में हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया गणतंत्र दिवस, छत्रसाल सिंह ने झंडोत्तोलन किया

हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल मुख्यालय हाजीपुर में 76वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया । इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने झंडोत्तोलन किया एवं राष्ट्रध्वज को सलामी दी । स्काउट्स एंड गाईड के सदस्यों ने भी राष्ट्रीय धुन बजाकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी । महाप्रबंधक ने उन्होंने रेल सुरक्षा बल एवं स्काउट्स एंड गाईड के परेड का निरीक्षण भी किया ।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक श्री अमरेन्द्र कुमार, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री अमरेश कुमार एवं अन्य उच्चाधिकारीगण उपस्थित थे । पूर्व मध्य रेल के यूनियन,एसोशिएसन के पदाधिकारी, अधिकारी एवं रेलकर्मी भी इस अवसर पर उपस्थित थे । पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा सुनीता सिंह सहित संगठन की अन्य सदस्यायें भी गणतंत्र दिवस समारोह में उपस्थित थीं ।
महाप्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व मध्य रेल ने प्रारंभिक आय के मामले में एक मील का पत्थर हासिल किया है । चालू वित्तीय वर्ष के दिसंबर माह तक 149 मिलियन टन से अधिक माल लदान किया गया जो पिछले वर्ष के इसी अवधि के माल लदान से 2.61 प्रतिशत अधिक है । इसी अवधि में 23 हजार 668 करोड़ रुपये की प्रारंभिक आय प्राप्त हुई है जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 4.79 प्रतिशत प्रतिशत अधिक है । ऊर्जा संरक्षण की दिशा में कार्य करते हुए पटना साहिब, राजेन्द्रनगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स, राजगीर रनिंग रूम एवं राजगीर विश्राम गृह में 350 किलोवाट का सोलर ऊर्जा के पैनल स्थापित किया गया। वित्त वर्ष 2024-25 में दिसंबर तक सौर ऊर्जा उत्पादित कर 1.63 करोड़ रूपए की बचत हुई है ।
आधारभूत संरचनाओं के विकास पर बोलते हुए महाप्रबंधक ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक लगभग 61 किलोमीटर नई रेल लाइन एवं दोहरीकरण का कार्य पूरा किया गया । इससे यात्री ट्रेनों के साथ-साथ माल ढुलाई का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है । साथ ही 126 पुलों का मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य पूरा किया गया ।

यात्री सुविधा के संबंध में महाप्रबंधक ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में दिसंबर माह तक 17 जोड़ी नई टेªनों का परिचालन प्रारंभ किया गया, 02 जोड़ी ट्रेनों का मार्ग विस्तार किया गया, 02 जोड़ी ट्रेनों की बारंबारता में वृद्धि की गयी । साथ ही 31 जोड़ी ट्रेनों का विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव भी प्रदान किया गया । इसी तरह रेलयात्रियों के सुविधाजनक आवागमन के लिए 28 ट्रेनों में स्थायी रूप से 59 कोच लगाए गए जबकि 217 ट्रेनों में अस्थायी रूप से 4607 कोचों का संयोजन किया गया । विशेष अवसरों पर 239 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया गया जिसके द्वारा 10 हजार 214 ट्रिप लगाए गए । महाप्रबंधक ने कहा कि छठ पूजा के उपरांत मात्र 10 दिनों के भीतर पूर्व मध्य रेल द्वारा लगभग 98 लाख यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 14 प्रतिशत ज्यादा है । उन्होंने कहा कि दिसम्बर माह तक 25 लाख 21 हजार लोगों को अनियमित तथा बिना टिकट के यात्रा करते हुए पकड़ा गया जिनसे जुर्माने के रूप में लगभग 150 करोड़ रुपये प्राप्त किये गये।
गणतंत्र दिवस समारोह में यात्री सुरक्षा के लिए रेल सुरक्षा बल के साथ प्रहरी के रूप में चौबीसों घंटे तैनात श्वान दस्ता द्वारा स्टेशनों एवं ट्रेनों में यात्री सुरक्षा से संबंधित किये जाने वाले कार्यों से जुड़े कई मनमोहक करतब दिखाए गए । पूर्व मध्य रेल के कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया ।

Leave a Comment

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *