गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया सीतामढ़ी-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ

गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया सीतामढ़ी-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ

पटना, 8 अगस्त 2025

दिनांक 8 अगस्त 2025 को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री, बिहार, नीतीश कुमार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीतामढ़ी-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर ट्रेन संख्या 05599 सीतामढ़ी-दिल्ली उद्घाटन स्पेशल के रूप में इसका पहला परिचालन किया गया।

इस नई ट्रेन सेवा का नियमित परिचालन ट्रेन संख्या 14048/14047 के अंतर्गत दिल्ली से 09 अगस्त 2025 से प्रत्येक शनिवार और सीतामढ़ी से 10 अगस्त 2025 से प्रत्येक रविवार को किया जाएगा।

दिल्ली-सीतामढ़ी अमृत भारत एक्सप्रेस गाजियाबाद, टुंडला, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, कप्तानगंज, सिसवा बाजार, बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल और बैरगनिया स्टेशनों पर ठहरेगी।

यह ट्रेन बिहार को प्राप्त होने वाली सातवीं अमृत भारत ट्रेन है। इससे पूर्व दरभंगा, सहरसा, मोतिहारी, पटना, भागलपुर तथा अन्य स्टेशनों से भी अमृत भारत ट्रेनों का परिचालन शुरू हो चुका है, जिससे प्रदेशवासियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो रही है।

अमृत भारत ट्रेनों का निर्माण ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत किया गया है। इन ट्रेनों में स्लीपर और जनरल कोच होते हैं तथा यह विशेष रूप से सामान्य यात्रियों की सुविधा के लिए तैयार की गई हैं। अमृत भारत 2.0 रेक में आधुनिक सुविधाएं जैसे मोबाइल होल्डर, फोल्डेबल टेबल, एयर स्प्रिंग, फायर डिटेक्शन सिस्टम, ऑन-बोर्ड कंडीशन मॉनिटरिंग सिस्टम आदि उपलब्ध हैं।

इस अवसर पर भारतीय रेल द्वारा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किए गए नवाचारों की भी सराहना की गई। यह नई ट्रेन सेवा उत्तर बिहार और राष्ट्रीय राजधानी के बीच यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और आरामदायक बनाएगी।

 

Leave a Comment

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *