जबलपुर । केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पश्चिम रेलवे के भावनगर रेलवे स्टेशन से एक साथ तीन नई ट्रेनों की सौगात दी। भावनगर टर्मिनस से अयोध्या एक्सप्रेस, रीवा से पुणे (हड़पसर) साप्ताहिक सुपरफास्ट एवं जबलपुर से रायपुर इण्टरसिटी नई एक्सप्रेस रेल सेवाओं को रेल मंत्री ने हरी झण्डी दिखाकर शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल सहित राज्यों के मंत्रीगण, माननीय सांसदगण, विधायकगण , अन्य गणमान्य नागरिक तथा आमजन भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर सहभागी बने।
इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति हुई है। रेलवे में इन्फ्रास्ट्रक्चर को गति प्रदान करते हुए तेजी से कार्य निष्पादित हो रहे है जिससे प्रदेशों में अभूतपूर्व विकास हो रहा है।वर्तमान में रेलवे द्वारा यात्री सुविधाओं को विस्तारित करते हुए नई तकनिकी ट्रेनें जैसे वन्दे भारत, अमृत भारत, नमो भारत ट्रेनों को चलाया जा रहा है। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि आगामी सितम्बर माह से वन्दे भारत स्लीपर ट्रेन भी चलाई जाएंगी, और साथ ही बहुत जल्द अहमदाबाद से मुंबई बुलेट ट्रेन की भी सौगात मिलेगी। श्री वैष्णव ने बताया कि मध्य प्रदेश में कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि रीवा पुणे ट्रेन रीवा, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नैनपुर, बालाघाट सहित मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों जहाँ से बड़ी संख्या में लोग पुणे महाराष्ट्र की ओर यात्रा करते हैं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। इसी प्रकार जबलपुर- रायपुर ट्रेन भी जबलपुर, नैनपुर, बालाघाट, गोंदिया सहित मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के यात्रियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, जहाँ से बड़ी संख्या में लोग रायपुर छत्तीसगढ़ की ओर यात्रा करते हैं।
Posted inRailNews
केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने एक साथ तीन नई ट्रेनों की सौगात दी


