दानापुर: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को दानापुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त,ध्वजारोहण मंच पहुंचते ही सीधे ध्वजारोहण की प्रक्रिया शुरू कर दी ।
कार्यक्रम के लिए निर्धारित क्रम के अनुसार पहले ‘वंदे मातरम्’ का गायन, तत्पश्चात सलामी एवं ध्वजारोहण और अंत में राष्ट्रगान होना था। लेकिन मौके पर पहले वंदे मातरम् का गायन नहीं हुआ और न ही निर्धारित तरीके से सलामी की प्रक्रिया संपन्न हुई।
बताया जाता है कि अधिकारी द्वारा बिना सलामी ध्वजारोहण किए जाने के बाद वहां मौजूद स्टाफ अपने स्तर से सैल्यूट की मुद्रा में आया और ‘जन गण मन’ का गायन किया गया। इस प्रकार निर्धारित कार्यक्रम के क्रम का पालन नहीं होने से समारोह की औपचारिकता और अनुशासन को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ध्वजारोहण के बाद अधिकारी शीघ्र ही अपने चैंबर में चले गए। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर स्टाफ के बीच भी यह सवाल उठता रहा कि राष्ट्रीय पर्व जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन क्यों नहीं किया गया और कार्यक्रम को इतनी जल्दबाजी में क्यों संपन्न किया गया।
हालांकि, इस संबंध में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त या मंडल कार्यालय की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। समारोह की निर्धारित प्रक्रिया और वास्तविक रूप से हुए कार्यक्रम में अंतर को लेकर अब विभागीय स्तर पर चर्चा की जा रही है।




