सोनपुर। सोनपुर मंडल के मुजफ्फरपुर लॉबी में टीटीई (यात्रा टिकट परीक्षकों) के लिए बायोमेट्रिक साइन ऑन एवं साइन ऑफ प्रणाली का शुभारंभ किया गया। यह प्रणाली पूरे भारतीय रेल में प्रारम्भ होने वाले शुरुआती प्रयासों में से एक है।
इस नई व्यवस्था में जियोफेंसिंग (आईपी-विशिष्ट एक्सेस) और बायोमेट्रिक इंटीग्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे जवाबदेही एवं पारदर्शिता को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।
मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सोनपुर, श्री अमित सरण ने इस महत्वपूर्ण पहल पर वाणिज्य विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि सोनपुर मंडल उन चुनिंदा मंडलों में से है, जिन्होंने यात्रा टिकट परीक्षकों के लिए बायोमेट्रिक आधारित साइन ऑन/ऑफ की शुरुआत की है।
इसके अतिरिक्त, आज ही दीनदयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू) एवं रतलाम मंडल में भी यह प्रणाली लागू की गई है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) श्री रौशन कुमार ने इसे रेलवे टिकट जांच इतिहास का एक ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम भारतीय रेल की टिकटिंग सेवाओं में 100% डिजिटलीकरण, पारदर्शिता और दक्षता लाने की दिशा में हमारे हाल के प्रयासों में से एक है। इससे हमारे मेहनती टीटीई और अधिक निष्ठा के साथ कार्य करेंगे तथा हमारे सम्मानित यात्रियों की सेवा और भी बेहतर ढंग से कर सकेंगे।
सोनपुर मंडल, पूर्व मध्य रेल के उन मंडलों में अग्रणी है जहाँ ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) टिकटिंग प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ है।





